सीएमओ साहब निरस्त करो तबादला

लोहाघाट। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी के फार्मेसिस्ट जेएस अधिकारी के स्थानांतरण से यहां के लोग भड़क गए हैं। उनका तबादला पाटी से चंपावत जिला अस्पताल करने के आदेश जारी किए गए हैं। इसकी भनक लगने से नाराज ग्रामीणों ने मुख्य चिकित्साधिकारी को ज्ञापन सौंप स्थानांतरण निरस्त करने की मांग की है।
भाजपा नेता सोबन सिंह मौनी, छात्रसंघ अध्यक्ष ललित पाटनी के नेतृत्व में क्षेत्रीय लोगों ने सीएमओ को ज्ञापन देकर कहा कि फार्मेसिस्ट अधिकारी ने यहां बेहतरीन सेवाएं दी है। उन्होंने ऐसे समय में यहां लोगों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं, जब कोई भी चिकित्सक नहीं था। सीएमओ ने उचित कार्यवाही का भरोसा दिलाया। अलबत्ता कहा कि यह स्थानांतरण निदेशालय स्तर से किया गया है। शिष्टमंडल में राजेंद्र बिष्ट, विद्याधर गहतोड़ी, कमल गहतोड़ी, एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष भोला सिंह बोहरा, गोविंद पचौली, कविराज मौनी, डिकर सिंह आदि शामिल थे।

Related posts