सीएमओ सहित तीन अफसरों को कारण बताओ नोटिस

रुद्रप्रयाग। जिला प्रशासन ने आदेशों की अवहेलना और समय पर कार्य नहीं करने पर कड़ा रुख अख्तियार किया है। जिलाधिकारी ने सीएमओ सहित तीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
डीएम दिलीप जावलकर ने बताया कि गत पांच जुलाई को निर्देश दिए गए थे कि सड़क मार्ग से कटे क्षेत्रों में सरकारी डॉक्टरों की तैनाती की जाए। सीएमओ के स्तर से निर्गत आदेशों में कालीमठ घाटी में अब तक केवल दो डॉक्टरों की तैनाती की गई है, जबकि उक्त डॉक्टरों ने कालीमठ में सेवाएं नहीं देने की पुष्टि की है। चिकित्सकों की तैनाती नहीं किए जाने पर डीएम ने सीएमओ डा. केडी शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। डीएम ने मूलत: तैनात और भारत सरकार द्वारा उपलब्ध डॉक्टरों और स्वयंसेवी क्षेत्रों से आए डॉक्टरों की तैनाती की जिम्मेदारी सीएमओ से छीनकर एडीएम राघव लंगर को दे दी है।
डीएम ने अन्य वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डा. अमित शुक्ल को भी नोटिस जारी किया है। साथ ही निर्देशों के बावजूद मोटर मार्गों से कटे क्षेत्रों में 50 फीसदी संस्थागत प्रसव कराए गए। डीएम ने दोनों अधिकारियों को तीन दिन में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।
वहीं, तिलवाड़ा क्षेत्र में ग्रामीणों द्वारा सूचना देने के बावजूद एक हफ्ते में खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने पर ऊर्जा निगम के जेई मोहना नंद अंथवाल को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

Related posts