
धर्मशाला। जन औषधि केंद्र धर्मशाला से सरकारी दवाइयों की सप्लाई में गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। सीएमओ ने मामले में जांच रिपोर्ट जल्द सौंपने को कहा है। एसएमओ इस मामले में जांच कर रहे हैं। दवाइयों के बैच नंबर को भी जांचा गया है। इससे अब पता लगाया जा रहा है कि दवाइयां कहां जानी थीं। पूरी छानबीन होने के बाद ही अब नया खुलासा होगा।
सीएमओ डा. ध्रुव एस. गुरुंग ने बताया कि मामले में निष्पक्ष जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के बाद ही सारी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। कर्मचारी से भी इस मामले में जवाब मांगा गया है।
गौरतलब है कि जन औषधि केंद्र से जेल को सरकारी सप्लाई की नॉट फार सेल की दवाइयां भेजी गई थीं। साथ ही इसके लिए बिल भी संलग्न किया गया था। दवाइयों की जांच करने के बाद जेल प्रशासन ने जांच के लिए सीएमओ को लिखा था। सूत्राें की मानें तो दवाइयां सरकारी अस्पतालों में उपचार करवाने आने वाले मरीजों में बांटी जानी थीं मगर ऐसा नहीं हुआ। दवाइयां जेल को भेज दी गईं। अब अस्पताल प्रशासन की छानबीन पूरी होने के बाद ही मामले से पर्दा उठ सकेगा। फिलहाल मामले में हजारों रुपये के गोलमाल का अंदेशा जताया गया है।
