सीएनजी से चलेंगे सिडकुल पंतनगर के उद्योग

रुद्रपुर। पंतनगर सिडकुल के उद्योगपतियों के लिए एक राहत भरी खबर है। अब उन्हें बिजली गुल रहने के दौरान भी उद्योगों में उत्पादन सुचारु रखने की सहूलियत मिल सकेगी। सीएनजी बिजली के विकल्प के रूप में काम आएगी। सिडकुल पंतनगर के उद्योगपतियों को सीएनजी की सुविधा गैस अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड ( गेल) उपलब्ध कराने जा रहा है। करीब सौ करोड़ की लागत से तैयार किए जा रहे इस प्रोजेक्ट के जनवरी 2014 तक पूरा होने की उम्मीद है। सिडकुल के विभिन्न सेक्टरों में पाइप लाइन बिछाने का काम लगभग अस्सी प्रतिशत पूरा हो गया है।
पंतनगर सिडकुल में बहुत जल्द बिजली के विकल्प के रुप में सीएनजी की सुविधा मिल जाएगी। गैस अथारिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड ( गेल) नए साल के आगाज में यह तोहफा उद्योगपतियों को देने जा रहा है। दरअसल सिडकुल पंतनगर में करीब पांच सौ से अधिक औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन चल रहा है। अक्सर यहां के उद्योगों को घंटोें घोषित के अलावा अघोषित बिजली कटौती का सामना करना पड़ता है। इससे जनरेटर व ब्वायलर चलाने के लिए डीजल का प्रयोग करना मजबूरी बन जाता है। डीजल का इस्तेमाल काफी खर्चीला तो होता ही है, साथ ही पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है। उद्योगपतियों की मांग पर अब गैस अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड (गेल) सिडकुल पंतनगर को भी सीएनजी सप्लाई करने जा रही है। गेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पंतनगर सिडकुल के विभिन्न सेक्टरों तक पाइप लाइन बिछाने में करीब सौ करोड़ का प्रोजेक्ट बनाया गया है। दिल्ली-मुरादाबाद से काशीपुर होते हुए सिडकुल तक पाइप लाइन बिछाने का काम अंतिम चरण में चल रहा है। बताया कि 15 जनवरी 2014 तक पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद उद्योगों को कनेक्शन मुहैया करा दिए जाएंगे।

Related posts