सीएचसी पधर में होगी डेंटल डाक्टर की तैनाती

पधर (मंडी)। पधर में तीन दिवसीय किसान मेला बुधवार को संपन्न हो गया। समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि द्रंग विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि द्र्रंग विधानसभा क्षेत्र के हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ा जाएगा तथा प्रत्येक गांव में लोगों को समुचित मात्रा में पेयजल उपलब्ध हो, इसके लिए निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं को जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने किसानों व पशु पालकों का आह्वान किया कि प्रदेश सरकार द्वारा उनके कल्याण के लिए अनेक प्रकार की योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने किसानों को उन्नत किस्म के दुधारू पशु पालने का आग्रह किया।
कौल सिंह ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पधर के भवन का निर्माण लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। साथ ही सीएचसी में डेंटल मेकेनिक का पद सृजित कर उसकी तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पधर के भवन का निर्माण 75 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पहली अप्रैल से सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को पथ परिवहन निगम की बसों में नि:शुल्क यात्रा सुविधा भी प्रदान कर दी है।
इस अवसर पर स्थानीय स्कूल के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इसके प्रोत्साहन के लिए ठाकुर कौल सिंह ने अपनी ऐच्छिक निधि से पांच हजार रुपये की राशि देने की घोषणा की। इस मौके पर ग्राम पंचायत चलाहग की प्रधान शांति देवी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। जिला परिषद सदस्य हेम सिंह ठाकुर व हिमाचल कांग्रेस सेवादल के संगठक केहर सिंह ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर द्रंग मंडल कांग्रेस अध्यक्ष जोगेंद्र गुलेरिया, जिला परिषद सदस्य शारदा देवी, कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर ठाकुर, जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव वामन देव, एसडीएम पधर विनय मोदी, अधिशासी अभियंता सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग अरुण शर्मा भी उपस्थित थे।

Related posts