
झंडूता (बिलासपुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झंडूता में आवारा पशुओं की भरमार बढ़ती जा रही है। स्वास्थ्य केंद्र में चारदीवारी टूटी होने के कारण यह समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है। इससे न केवल स्वास्थ्य केंद्र उपचार करवाने आने वाले मरीजाें को समस्या उठानी पड़ती है। बल्कि यहां के कर्मचारी भी बेहद परेशान रहते हैं।
जानकारी के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झंडूता में चारदीवारी, सफेदी, सीवरेज पाइप के लिए रोगी कल्याण समिति के माध्यम से करीब ढाई लाख रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है। करीब छह माह बीत जाने के बाद भी अभी तक इसे खर्च नहीं किया गया है। इस कार्य को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। स्थानीय लोगों में सत्तपाल सिंह चंदेल, ओंकार, दयाराम, विनय कुमार, बाबू राम, दिनेश कुमार, बुद्धि सिंह, भाग सिंह, अशोक कुमार ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चारदीवारी चारों ओर से टूटी हुई है। इससे स्वास्थ्य केंद्र में आवारा पशु घुस जाते हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों को इस बारे में उचित कदम उठाने चाहिए। उन्होंने मांग की है कि जल्द ही स्वास्थ्य केंद्र की चारदीवारी ठीक की जाए। ताकि लोगों को परेशानी नहीं उठानी पड़े।
उधर, कार्यकारी खंड विकास अधिकारी जीतराम ने कहा कि जल्द ही स्वास्थ्य केंद्र की चारदीवारी जल्द ही ठीक करवाई जाएगी। साथ ही सीवरेज का कार्य भी शुरू किया जाएगा।
