
लडभड़ोल (मंडी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लडभड़ोल में रोगी कल्याण समिति की बैठक एसडीएम जोगिंद्रनगर किशोरी लाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें रोगी कल्याण समिति के सदस्यों के अतिरिक्त विधायक ठाकुर गुलाब सिंह भी उपस्थित रहे। मीटिंग में चिकित्सालय से संबंधित सभी बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। सुविधाओं की कमी के चलते निर्णय लिया गया कि अस्पताल में ईसीजी, एक्स-रे मशीन की मरम्मत एवं फर्नीचर की कमी क ो पूरा करना जरूरी है। प्रस्ताव पारित किया गया कि कई दिन से खाली चल रहे सफाई कर्मचारी और तकनीशियन पदों को भरने के लिए रोगी कल्याण समिति के तहत प्रक्रिया आरंभ की जाए। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रोगियों की सुविधा के लिए वाटर कूलर और गीजर की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। विधायक एवं पूर्व मंत्री ठाकुर गुलाब सिंह ने खंड चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि अस्पताल में जीवन रक्षक दवाइयां जैसे कि सांप, बंदर और रंगड़ द्वारा काटे जाने वाले रोगियों को तुरंत दवाइयां अस्पताल से ही मुहैया करवाई जाएं। वहीं, एसडीएम किशोरी लाल ने बताया कि शीघ्र ही चौंतड़ा में अक्षम व्यक्तियों के लिए शिविर लगाया जाएगा। इसमें अपंगता प्रमाण पत्र पात्र व्यक्तियों को वितरित किए जाएंगे। बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी रोशन लाल, डा. बीए भट्ट, स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान सुधीर शर्मा, प्रेमनाथ ठाकुर और अन्य सदस्य मौजूद रहे।
