
नौगांव(उत्तरकाशी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव का दिल्ली की राजभरा मेडिकेयर संस्था ने पीपीपी मोड पर इस अस्पताल का संचालन शुरू कर दिया है। संस्था ने फिलहाल यहां तीन विशेषज्ञ डाक्टर तैनात किए हैं।
शनिवार को अस्पताल का संचालन शुरू करने से पहले संस्था से जुड़े लोगाें ने अस्पताल में पूजा-अर्चना और हवन यज्ञ करवाया। इसके बाद सीएमओ डा.मयंक उपाध्याय ने रिबन काटकर अस्पताल का उद्घाटन किया। संस्था ने अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक तथा एक सामान्य चिकित्साधिकारी को तैनात किया है। राजभरा मेडिकेयर के अध्यक्ष रजनीश कश्यप ने बताया कि इस माह के अंत तक आधा दर्जन डाक्टर यहां तैनात कर दिए जाएंगे। अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध होते ही यहां रेडियोलॉजिस्ट की भी नियुक्ति कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराना संस्था की प्राथमिकता रहेगी। कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक डा.मेजर बचन सिंह रावत, संस्था के जनरल मैनेजर मनोज गोविल, सुकमणि पेंटल, शिवप्रताप श्रीवास्तव, मुकेश कंसवाल आदि अनेक लोग मौजूद थे।
