
बागेश्वर। गरुड़ के खंड शिक्षा अधिकारी पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए प्राथमिक शिक्षक संगठन ने मंगलवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में तालाबंदी की। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि यदि खंड शिक्षा अधिकारी से उप शिक्षा अधिकारी से कार्यभार वापस नहीं लिया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
शिक्षक मंगलवार सुबह मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक कार्यालय पहुंचे। यहां जोरदार नारेबाजी के साथ तालाबंदी शुरू कर दी। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि डीईओ गरुड़ ने उप शिक्षा अधिकारी के पद पर रहकर वेतन आहरण अधिकार का दुरुपयोग किया है। उन्होंने प्राथमिक शिक्षक के वेतन से अप्रैल से एक हजार रुपये काटकर अपने खाते में जमा किया है। इस पैसे का कोई लेखा जोखा नहीं है। इससे पूर्व भी उन्होंने 2012 में भी आपदा मद में उनके वेतन से धनराशि काटी गई। अधिकारी के पास छह माध्यमिक विद्यालयों का भी प्रभार है। उन विद्यालयों के शिक्षकों का वेतन आज तक नहीं काटा गया है। चेतावनी दी कि यदि मनमानी पर उतर आए अधिकारी से उप शिक्षा अधिकारी कार्यभार वापस नहीं लिया गया तो तालाबंदी जारी रहेगी। सभा की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मंगल सिंह बिष्ट और संचालन बलवंत कालाकोटी ने किया। इस अवसर पर प्रताप कबडोला, रमेश कांडपाल, सूरज लोबियाल, विक्रम पिलख्वाल, हेम पांडे, नीरज पंत, हरीश कोरंगा, नवीन मिश्रा, गिरीश प्रसाद, चंद्रशेखर कांडपाल, हरीश पांडे, हेमंती गोस्वामी, भगवती देवी, गोपाल सिंह आदि शिक्षक मौजूद थे।
