
धर्मशाला। सीआईडी की टीम ने एक युवक से चरस पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर घुग्घर टांडा रोड पर नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान एक युवक वहां से गुजरा। शक के आधार पर सीआईडी के अधिकारियों ने युवक की तलाशी ली। इस दौरान युवक से 3 किलो 600 ग्राम चरस बरामद हुई। युवक को हिरासत में ले लिया है। आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। सीआईडी के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार जोगराज निवासी बुलंग जिला मंडी से चरस बरामद की गई है। शिकायत मिली थी कि आरोपी चरस का व्यापार करता है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नाका लगाया। शिकायत मिलने के बाद सीआईडी धर्मशाला कार्यालय की ओर से एक टीम का गठन किया गया था। इसकी बागडोर एसआई अर्जुन सिंह को सौंपी गई थी। अर्जुन सिंह ने अपनी टीम के साथ घुग्घर टांडा रोड पर नाका लगाकर आरोपी को चरस सहित पकड़ा। उधर, इंस्पेक्टर भगवंत सिंह ने बताया कि जोगराज निवासी मंडी से 3 किलो 600 ग्राम चरस बरामद की गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
लोग भी दें नशे के सौदागरों की जानकारी : डीएसपी
डीएसपी सीआईडी बद्री सिंह ने कहा कि नशे का कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सीआईडी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक युवक से ज्यादा मात्रा में चरस बरामद की है। सीआईडी अपने अभियान को आगे भी जारी रखेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि नशे का कारोबार करने वालों का पता चलने पर तुरंत सीआईडी को सूचित करें।
