
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सीआईडी टीम ने बहराल के समीप 1.18 लाख राशि पकड़ी है। हरियाणा से हिमाचल में प्रवेश कर रहे वाहनों की तलाशी ली जा रही थी। इस दौरान एक आल्टो कार से नकदी बरामद की गई। वाहन सवार कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके, जिसके बाद सीआईडी टीम ने स्टेटिक सर्विलांस टीम को नकदी सौंप दी है। हरियाणा सीमा बैरियर पर नकदी पकड़े जाने का तीसरा मामला है।
मंगलवार दोपहर को सीआईटी टीम ने हरियाणा से लगते बैरियर पर नाका लगाया था। सीआईडी के एएसआई रघुवीर सिंह तोमर, मुख्य आरक्षी रविंद्र ठाकुर, पुलिस कांस्टेबल संगीत कुमार, सीआईएसएफ के मुख्य आरक्षी हरचंद सिंह व कुलदीप सोलंकी चेकिंग कर रही थी। आने जाने वाले वाहनों का निरीक्षण किया जा रहा था। हरियाणा सीमा के पास दोपहर को एचआर02आर-0918 आल्टो पहुंची। वाहन की गहन तलाशी ली गई। इस दौरान वाहन से 1.18 लाख राशि मिली। इस बारे वाहन चालक फरीद मोहम्मद पुत्र तक्की मोहम्मद निवासी कलेसर, तहसील छछरोली जिला यमुनानगर हरियाणा से पूछताछ की गई। वाहन सवार का कहना था कि लकड़ी का ठेकेदार है, राशि लेकर पांवटा क्षेत्र में पहुंचा है लेकिन राशि बारे कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद सीआईडी टीम ने एसडीएम पांवटा श्रवण मांटा को सूचित कर दिया। स्टेटिक सर्विलांस टीम ईओ नप कमेटी पांवटा कन्हैया लाल मौके पर पहुंचे। इसके बाद बरामद की गई राशि टीम को सौंप दी गई।
बता दें, कि इससे पहले शनिवार 3 मई को खिजराबाद से पांवटा आ रही स्कार्पियो वाहन एचपी 17बी-6596 से भी डेढ़ लाख राशि मिली। वाहन सवार विनय निवासी बद्रीपुर जरूरी दस्तावेज नहीं दिखा सके थे। स्टेटिक सर्विलांस टीम ने राशि कब्जे में ले ली। इससे पहले टीम ने बहराल बैरियर पर एक इकाई प्रबंधन की इनोवा कार से 26 लाख राशि पकड़ी थी। हालांकि, बाद में दोनों ही मामलों में दस्तावेज प्रस्तुत करने पर राशि लौटा दी थी।
उधर, एसडीएम पांवटा श्रवण मांटा ने पुष्टि कर बताया कि मंगलवार को सीआईडी टीम ने 1.18 लाख राशि बरामद की है। इस बारे वाहन सवार नकदी बारे स्रोत दस्तावेज नहीं दिखा सका।
