
पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर तहसील के घरूण गांव में सीआईडी की धर्मशाला और पालमपुर टीमों ने संयुक्त रूप से छापामार कर करीब 500 पेटी अवैध शराब पकड़ी है। शराब की यह बड़ी खेप दुकानदार पंकज पंकू ने अपने रेस्तरां, घर और पशुशाला में छिपाई हुई थी। सीआईडी को इस अवैध शराब के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद सीआईडी की दोनों टीमों ने जाल बिछाकर दुकानदार पंकज पंकू को रंगे हाथ पकड़ लिया। शराब की इस खेप की सप्लाई कहां से आई थी, इसके बारे में सीआईडी जानने में लगी हुई है। बताया जा रहा है कि 31 मार्च को ठेके नीलाम हुए थे। उसी दौरान इस दुकानदार ने सस्ती शराब डंप कर रखी थी। बताया जा रहा कि दुकानदार मोटी कमाई के चक्कर में था। सीआईडी इंस्पेक्टर भगवंत सिंह ने बताया शराब के बाक्स की काउंटिंग देर शाम तक चली रही। सीआईडी टीम की अगुवाई अर्जुन देव ने की। टीमों में 15 सीआईडी के कर्मचारी थी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिलने पर सीआईडी ने दुकान पर छापा मारा और कामयाबी मिली। सीआईडी डीएसपी बद्री सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।
