सिलेंडर भराने जा रहा पूर्व सैनिक सरयू में गिरा

बागेश्वर। जीत नगर के पास रसोई गैस सिलेंडर भराने जा रहे पूर्व सैनिक का पांव फिसलने वे सरयू में जा गिरे। सिलेंडर सरयू नदी में मिल गया लेकिन उनका कोई भी पता नहीं लग सका।
कोतवाल यूआर आर्या के अनुसार मूल रूप से रतायस, पपों और हाल जीतनगर मंडलसेरा निवासी 72 वर्षीय नाथू सिंह मेहता बुधवार की सुबह रसोई गैस सिलेंडर भराने जिला अस्पताल के पास जा रहे थे। लेकिन शंभूदत्त के मकान के पास उनका सिलेंडर पेड़ से टकराया और वह झटका लगने से सरयू नदी में गिर गए। उसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका। सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम ने सरयू किनारे तल्ला बिलौना तक खोजा। लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। अलबत्ता सरयू पुल के नीचे सिलेंडर मिल गया। घटना की सूचना के बाद विधायक चंदनराम दास, एसडीएम फींचा राम चौहान और कोतवाल यूआर आर्या ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। इधर, घटना के बाद यहां किराए के मकान में रह रहे नाथू सिंह के घर पर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। आस-पड़ोस के लोग पूर्व सैनिक की पत्नी को ढांढस बंधा रहे हैं। जानकारी के अनुसार वह अपने नाती पोतों को पढ़ाने के लिए यहां किराए के मकान में रहते थे।

Related posts