
रुद्रप्रयाग। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर श्रीनगर और रुद्रप्रयाग के बीच सिरोहबगड़ और वैकल्पिक यात्रा मार्ग खांकरा-खेड़ाखाल-डुंगरीपंथ मोटर मार्ग छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। गुप्तकाशी-मयाली-घनसाली मोटर मार्ग पर भी पूर्वाह्न 11 बजे बाद यातायात बहाल हो गया।
सोमवार रात्रि भारी बारिश के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य लिंक मोटर मार्ग अवरुद्ध हो गए थे। सिरोहबगड़ में राजमार्ग का लगभग 20 मीटर हिस्सा ध्वस्त हो गया था, जिसे बीआरओ ने शाम लगभग साढे़ पांच बजे छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया। वहीं वैकल्पिक खांकरा-खेड़ाखाल मोटर मार्ग भी रात को कई स्थानों पर मलबा आ गया था। सड़क खोलने के लिए दोनों ओर से मशीनें लगाई गई। सड़क पर दोपहर बाद यातायात चालू हो गया।
