सिरमौर, शिमला तथा किन्नौर के युवाओं को सेना में जाने का मौका

नाहन (सिरमौर)। सेना भर्ती कार्यालय शिमला की ओर से सोलन जिले के डगशाई आर्मी पब्लिक स्कूल में 15 से 22 जून तक आर्मी की खुली भर्ती करवाई जा रही है। इसमें सोलन, सिरमौर, शिमला तथा किन्नौर के उम्मीदवार भाग ले सकेेंगे। यह जानकारी मंगलवार को कर्नल सीवी क्षेत्री ने उपायुक्त कार्यालय में दी। उन्होंने बताया कि सैनिक जनरल ड्यूटी पद के लिए उम्मीदवार की आयु साढ़े 17 से 21 वर्ष तथा सैनिक लिपिक, स्टोर कीपर तकनीकी, सैनिक ट्रेडसमैन तथा सैनिक नर्सिंग असिस्टेंट पदों के लिए साढ़े 17 से 23 साल के बीच आयु होनी चाहिए।
उम्मीदवार को अपने साथ आठवीं, दसवीं तथा जमा दो के प्रमाण पत्र, बोनाफाइड, हिमाचल, जाति, चरित्र एवं अविवाहित प्रमाण पत्र सहित 15 रंगीन पासपोर्ट साइड फोटो तथा सत्यापित प्रमाण पत्रों की फोटो कापी भी साथ लानी होगी। 15 जून को शिमला, सोलन, सिरमौर तथा किन्नौर जिले के उम्मीदवारों की लिपिक, स्टोर कीपर तथा तकनीकी पदों के लिए, 16 जून को किन्नौर जिले के उम्मीदवारों की सैनिक जनरल ड्यूटी पद के लिए, 17 जून को किन्नौर जिले की सैनिक ट्रेडसमैन पद तथा शिमला जिले के उम्मीदवारों की सैनिक जनरल ड्यूटी के लिए सीधी भर्ती होगी। 18 जून को सोलन तथा 19 को सिरमौर के उम्मीदवरों की सैनिक जनरल ड्यूटी पद की भर्ती होगी। 20 जून को प्रदेश के सभी जिलों के उम्मीदवारों की सैनिक नर्सिंग असिस्टेंट पद के लिए भर्ती होगी।

Related posts