
रिवालसर (मंडी)। सिध्याणी के हवाणू गांव में मंगलवार को चोरों ने दिनदिहाड़े एक घर में सेंधमारी कर दी। चोर लाखाें के गहने तथा बीस हजार की नकदी ले उड़े। घटना के समय घर पर कोई नहीं था। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चोरों ने चमन पुत्र देवीदास के घर पर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे। इसके बाद तीन कमराें के दरवाजों तथा अंदर रखी अलमारियाें और ट्रंकों के ताले तोड़ दिए। चोर 3.5 लाख की लागत के सोने के आभूषण तथा साथ रखी 20 हजार की नकदी भी ले उड़े। पीड़ित ने इसकी रिवालसर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई है। पीड़ित के अनुसार चोरों ने सुबह करीब ग्यारह बजे घटना को अंजाम दिया। रिवालसर क्षेत्र में चोरियाें का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां चोरी की लगातार घटनाएं सामने आ रही हैं। घटना की पुष्टि करते रिवालसर चौकी के मुख्य आरक्षी कमलदीप का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
