
जवाली (कांगड़ा)(संजय धीमान) सिद्धाथा नहर का सोमवार को विभाग की ओर से 2 फुट तक पानी छोड़कर ट्रायल लिया गया। यह सफल रहा और पानी 14 किलोमीटर लंबी नहर में सफलतापूर्वक होता हुआ मेन नहर के अंतिम छोर सिद्धाथा में पहुंच गया। नहर का पानी सिद्धाथा क्षेत्र में पहुंचने से किसानों ने राहत की सांस ली। इस ट्रायल के बाद किसानों को उम्मीद बंधी है कि उनके खेतों को अतिशीघ्र सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। इस महत्वाकांक्षी नहर की कुल लंबाई अनूही से लेकर सिद्धाथा तक 14 किलोमीटर है, इसमें 8 करोड़ की लागत से 1800 मीटर लंबी सुरंग, बसंतपुर में 80 लाख से 122 मीटर लंबा पुल, 36 लाख रुपये की लागत से बसंतपुर के पास रेलवे क्रासिंग पुल का निर्माण हुआ है। इसके अतिरिक्त बगडूर और बसंतपुर में सड़क क्रासिंग का कार्य भी हुआ है तथा किसानों के खेतों को पानी पहुंचाने के लिए कूहलों का निर्माण कार्य किया जा रहा है। सिद्धाथा नहर परियोजना के एक्सईएन जेएस सोढ़ी ने बताया कि फिलहाल 2 फुट पानी छोड़कर नहर का ट्रायल लिया गया है। ट्रायल सफल रहा है। थोड़ी-बहुत लीकेज हुई है, जिसकी रिपेयर की जाएगी। सिद्धाथा में किसानों की फसलों को कोई नुकसान न हो, इसके लिए कम पानी छोड़कर ट्रायल लिया गया। नहर का कार्य फिलहाल पूरा हो चुका है जो कोई थोड़ी बहुत कमी रही है, उसको जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
