सितंबर में होगा टीजीटी टीईटी

धर्मशाला। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड सितंबर में टीजीटी टेट लेगा। इसके लिए अगले चार दिन के बीच अभ्यर्थियों को आवेदन करना होगा। शिक्षा बोर्ड ने 19 अगस्त आवेदन की अंतिम तिथि निर्धारित की है। जनजातीय क्षेत्रों के अभ्यर्थी 26 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे। टीजीटी के चार विभिन्न विषयों की परीक्षा 15 से 29 सितंबर तक होगी। अभ्यर्थियों को टेट के लिए आवेदन करने को महज चार दिन मिल पाए हैं। टेट के प्रोस्पेक्टस शिक्षा बोर्ड के प्रदेश भर में स्थापित 19 पुस्तक विक्रय केंद्रों से लिए जा सकते हैं।
इसके अलावा आवेदकों की ओर से डाक से भेजे गए आवेदन प्रपत्र 19 अगस्त तक शिक्षा बोर्ड के कार्यालय में पहुंच जाने चाहिए। 19 अगस्त तक शिक्षा बोर्ड कार्यालय के काउंटर पर भी फार्म जमा करवाए जा सकते हैं। टीजीटी टेट के विभिन्न विषयों की परीक्षा 15 से 29 सितंबर के बीच होगी। टीजीटी शास्त्री का टेट 15 सितंबर, टीजीटी नॉन मेडिकल का टेस्ट 22 सितंबर को सुबह दस से साढ़े 12 बजे तक होगा। टीजीटी मेडिकल का भी इसी दिन दोपहर बाद 2 से साढ़े 4 बजे तक तथा टीजीटी कला के अभ्यर्थियों का टेट 29 सितंबर को 10 से साढ़े 12 बजे तक होगा। अभ्यर्थी जानकारी के लिए बोर्ड की वेबसाइट तथा दूरभाष नंबर 01892-242192 और 242124 पर भी संपर्क कर सकते हैं।

रविवार को जेबीटी टेट के सफल आयोजन के बाद सोमवार को यह निर्णय लिया गया। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन फार्म स्वीकार्य नहीं होंगे। शिक्षा बोर्ड के सभी पुस्तक विक्रय केंद्रों में टेट के फार्म उपलब्ध करवा दिए गए हैं।
-राखिल काहलों, सचिव; प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव

Related posts