सिडकुल में अब इंटर्नशिप भी नहीं

रुद्रपुर। मंदी के चलते सिडकुल पंतनगर की औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन प्रभावित होने से कई तरह की समस्याएं बढ़ रही हैं। नई नौकरी की तो संभावना दूर-दूर तक नजर नहीं आ रही है। सिडकुल की अधिकांश फैक्ट्री प्रबंधन ने प्रशिक्षित बेरोजगारों को इंटर्नशिप देने से भी हाथ खींच लिए हैं। इससे प्रशिक्षित बेरोजगार परेशान हैं।
बता दें कि सिडकुल आने के बाद जिलेभर में व्यावसायिक पाठ्यक्रम कराने वाले शिक्षण संस्थानों की संख्या में इजाफा हुआ है। पास में सिडकुल होने से अभिभावक भी मोटी फीस देकर तकनीकी कोर्स इस आस से करा रहे हैं कि उनके बच्चों को अच्छी नौकरी मिल जाएगी। इंटर्नशिप के लिए भी दूर नहीं जाना पड़ेगा। करीब छह माह से चल रही मंदी का चौतरफा असर दिखाई दे रहा है। सिडकुल की अधिकांश फैक्ट्रियां युवाओं को इंटर्नशिप देने से इंकार कर रही हैं। इसकी वजह स्टाईपेंड का भार बताया जाता है। फैक्ट्रियां स्टाईपेंड देने की स्थिति में नहीं हैं। पंतनगर सिडकुल के आरएम जीपी दुर्गापाल ने बताया कि हर सप्ताह करीब दर्जन भर से अधिक एमबीए, एमसीए, बीटैक, पालीटेक्निक, आईटीआई, बीबीए आदि कोर्स पूरा कर चुके युवा इंटर्नशिप कराने के लिए दफ्तर में बायोडाटा लेकर आ रहे हैं। लेकिन मंदी के कारण अधिकांश फैक्ट्री प्रबंधन ट्रेनिंग दे पाने में असमर्थता जता रहे हैं।

Related posts