
हल्द्वानी। गुरुद्वारा गुरुनानकपुरा निवासी सिख संगत के आपसी सहयोग से आपदा प्रभावितों के लिए एक ट्रक राहत सामग्री भेजी गई है। सामान में खाद्यान्न, कपड़े, कंबल, तिरपाल, दवाईयां आदि सामान शामिल था। एसडीएम हरवीर सिंह, एआरटीओ गुरुदेव सिंह ने हरी झंडी दिखाकर ट्रक को रवाना किया। गुरुद्वारे में हुई अरदास में आपदा से प्रभावित लोगों के प्रति गहरी संवेदना जताई गई।
वहीं आल इंडिया वीमेंन कान्फ्रेंस के सदस्यों की बैठक में आपदा से प्रभावित लोगों के लिए हरसंभव सहायता जुटाने का निर्णय लिया गया। अध्यक्ष छाया सक्सेना ने विभिन्न स्वैच्छिक, सामाजिक संगठनों से इस पुनीत कार्य में एकजुटता का आह्वान किया। सचिव सुचित्रा जायसवाल ने बचाव कार्य में जुटे सेना, पुलिस, आईटीबीपी के जवानों की सराहना की। पुनर्नवा महिला समिति की अध्यक्ष लता बोरा, वैश्य महिला समिति की अध्यक्ष सविता लाहोरी, अग्रसेन महिला समिति की सदस्य चांदनी टिक्कू, लायनेस क्लब की अध्यक्ष नीलम सिंह ने भी इस अभियान में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस मौके पर कुसुम दिगारी, उषा कुमार, शांति जीना, सुचित्रा जायसवाल, कल्पना रावत, शशि खंडेलवाल, विमला सांगुड़ी, रीता पंत, विद्या महतोलिया आदि मौजूद रहे।
