
काशीपुर। आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने एक सिक्योरिटी अफसर के घर में डकैती डालकर लाखों रुपये के जेवर और नगदी लूट ली। पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। डकैती से क्षेत्र के लोग खौफजदा हैं।
गन्ना अनुसंधान केंद्र में इलेक्ट्रीशियन के पद पर तैनात और केंद्र के आवासीय प्रभारी सुरक्षाधिकारी अवध बिहारी लाल सक्सेना के घर बुधवार तड़के आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाश घुस गए। घर पर मौजूद सक्सेना और उनकी पत्नी को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने घर खंगाला। करीब चार लाख रुपये के जेवर समेत 20 हजार की नगदी उड़ा ले गए। बदमाशों के जाने के बाद परिजनों ने पड़ोसियों समेत पुलिस को सूचना दी। सक्सेना ने बताया कि बुधवार सुबह 6 बजे उन्हें और उनकी पत्नी इंद्रा देवी को बरेली रक्षाबंधन पर जाना था। उनका पुत्र सौरभ रक्षाबंधन पर्व के चलते पहले ही अपनी बहन के यहां गया है। जबकि पुत्रवधु बच्चों के साथ मायके गई है। उन्होंने चौकीदार से सुबह जल्दी उठाने को कहा था। जिस पर चौकीदार ने उन्हें लगभग 3 बजे के करीब फोन कर उठा दिया। तभी उनके घर के पीछे रहने वाले मजदूर मानिक चंद्र ने उन्हें आवाज लगाई और दरवाजा खोलने को कहा। जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला तो हथियारबंद बदमाशों ने तमंचा लगाकर उन्हें और उनकी पत्नी को घर के बरामदे में बंधक बना लिया। अलमारियों की चाबी नहीं देने पर उनके साथ मारपीट की। चाबी लेने के बाद बदमाश घर में रखे करीब चार लाख रुपये के सोने के सेट, गले की चेन, ब्रेसलेट, कुंडल, टॉप्स, मांग टीका समेत 20 हजार नगदी लूटकर भाग गए। भागते समय उनके दो मोबाइल भी ले गए। सक्सेना ने बताया कि हथियारबंद बदमाशों ने मानिक चंद्र पर तमंचा लगाकर दरवाजा खुलवाया था। वह मानिक चंद्र से भी 6 हजार रुपये लूट कर ले गए।
