साहो और परोथा में बारिश ने मचाया कहर

साहो (चंबा)। विकास खंड की चंबा-साहो और परोथा पंचायत में बारिश से हुए भूस्खलन से काफी नुकसान हुआ है। तेज बारिश से जहां फसलें बर्बाद हो गई हैं वहीं, ग्रामीणों के घरों को नुकसान पहुंचा है। ग्राम पंचायत परोथा के उपप्रधान राकेश महाजन ने बताया कि पंचायत के ओथल और सरोट गांवों में बारिश से काफी नुकसान हुआ है। पानी के साथ आए मलबे से तीन घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि बटो पत्नी बेली राम, सरनो पुत्र शेखू गांव ओथल, रफीक पुत्र नूरदीन गांव सरोट के घरों की दीवारों को काफी नुकसान पहुंचा है। अमरो पुत्र श्रीधर के घर को भूस्खलन से खतरा पैदा हो गया है। उधर, साहो पंचायत के भठ्ठी बेही, हेठवाड़ी, संगेरा गांव में भी मक्की की फसल को नुकसान पहुंचा है। चेमारू राम के फलदार पौधे भूस्खलन की चपेट में आने से बर्बाद हो गए हैं। आशो देवी की मक्की की फसल नाली में पानी के साथ आए मलबे से तबाह हो गई है।
एसडीएम चंबा ने सूचना मिलते ही पटवारी को मौके का जायजा लेने के लिए भेज दिया। पटवारी ने मौके पर जाकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। एसडीएम चंबा बचन सिंह ने बताया कि तेज बारिश से फसल और घरों को नुकसान होने की सूचना मिली है। पटवारी को जायजा लेने भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर ही नुकसान का पता चल पाएगा।

Related posts