
चंबा। शहर की समस्याओं को लेकर चंबा प्रोग्रेसिव काउंसिल के सदस्य शुक्रवार को उपायुक्त से मिले। सदस्य प्रवीन शेखड़ी, नरेश पुरी, उमेश पुरी, हरबंस पुरी, मोहिंद्र पुरी, एससी नैय्यर, सुरेंद्र, दीपक और राजिंद्र ने बताया कि चंबा बस अड्डे का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। इस कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा बस स्टैंड छोटा होने के कारण आए दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। प्रदेश सरकार की ओर से हमीरपुर, मंडी और ऊना बस अड्डे के निर्माण के लिए करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृ त कर दी है, लेकिन चंबा बस अड्डे के निर्माण के लिए कुछ भी नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि एनएचपीसी ने बस अड्डे के निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये की राशि प्रदान की दी है, लेकिन बस अड्डे का निर्माण शुरू नहीं हो रहा है। उन्होंने उपायुक्त से मांग की है कि बस अड्डे का निर्माण शीघ्र शुरू करवाया जाए। काउंसिल के अध्यक्ष हरी राम पुरी ने बताया नगर परिषद की ओर से चौगान का उचित रखरखाव नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चौगान की मरम्मत पर नगर परिषद व्यर्थ में धन बर्बाद कर रही है। उन्होंने उपायुक्त से मांग की है कि चौगान की मरम्मत के लिए एक्सपर्ट की सलाह ली जाए। इसके अलावा पुराने हाइड्रेंट को बदला जाए। उन्होंने कहा कि फायर हाइड्रेंट 1937 में लगे हैं, इन्हें जंग लग चुका है।
बाक्स
पहाड़ी पर सीमेंट स्प्रे करवाने का स्वागत
पक्काटाला पहाड़ी पर सीमेंट स्प्रे करने के उपायुक्त के फैसले का चंबा प्रोग्रेसिव काउंसिल ने स्वागत किया है। प्रोगेसिव काउंसिल के सदस्यों का कहना है कि इस पहाड़ी से अक्सर पत्थर गिरते रहते थे और दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ था। उन्होंने कहा कि सीमेंट स्प्रे होने से समस्या का समाधान हो जाएगा। साथ ही शमशान घाट को जाने वाले रास्ते की मरम्मत करवाने के लिए भी काउंसिल के सदस्यों ने उपायुक्त का धन्यवाद किया है।
