
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल मुख्यालय में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मायके वालों ने सीधे तौर पर अपने दामाद यानी मृतका के पति पर आरोप लगाया है। मृतका का पति घटना का पता चलने के पहले से ही फरार है। मायके वालाें का आरोप है कि पति की प्रताड़ना की वजह से ही उनकी बेटी को जान से हाथ धोना पड़ा। बहरहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है। सोमवार को मृतका का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
घुमारवीं थाना के सामने अपने पति सौरव व एक-डेढ़ वर्षीय बच्ची के साथ किराये के मकान में रहने वाली 23 वर्षीय शीतल की गत रविवार शाम संदिग्ध हालात में मृत्यु हो गई थी। वह कमरे में फंदे से झूलती मिली थी। उसका पति इस घटना का खुलासा होने से पहले ही गायब हो गया था। शीतल के मायके सुंदरनगर के कनैड कस्बे के दिनक गांव में हैं। सोमवार को घुमारवीं पहुंचे मायके वालाें ने शीतल की मौत के लिए उसके पति सौरव को ही कसूरवार ठहराया।
शीतल के पिता जोगेंद्र सिंह व मां सोमा देवी ने कहा कि सौरव उनकी बेटी के साथ अक्सर मारपीट करता था। उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। उसे मायके भी नहीं भेजा जाता था। प्रताड़ना की वजह से ही उनकी बेटी की मौत हुई। मृतका के चाचा गुरुदास व मामी वृष्टि देवी ने भी सौरव को ही जिम्मेदार ठहराया। उधर, थाना प्रभारी सोहन सिंह धीमान ने कहा कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। सौरव को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
