साहब जी! बैठक बाद में कर लेेना प्लीज

पांवटा साहिब (सिरमौर)। गिरिपार और पांवटा विस क्षेत्र के दूरदराज से पहुंचे मरीज एवं साथ आए लोग बुधवार को परेशान दिखे। हर रोज औसतन 400 मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं। इसमें से 50-60 मरीज इन दिनों वायरल फीवर के होते हैं। बुखार, उल्टी दस्त, जुखाम और सिरदर्द के मरीज इनमें शामिल हैं। शिलाई और पांवटा विस क्षेत्र के डेढ़ लाख से अधिक लोगों के लिए पांवटा सिविल अस्पताल ही स्वास्थ्य सेवाएं दे रहा है।
मरीजों की दिक्कतों एवं स्थानीय अस्पताल की समस्याओं को दूर करने के लिए सीएमओ ने बैठक में दिशा-निर्देश दिए। इस बीच बाहर खड़े मरीज एवं ग्रामीणों ने सीएमओ से आग्रह करते हुए कहा कि साहब जी! बैठक बाद में करना अभी डाक्टरों को हमारी जांच के लिए भेज दो क्योंकि उपचार के बाद उन्हें दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में बस न मिलने के कारण पैदल ही जाना पड़ेगा। शिलाई, रोनहाट, टिंबी, कफोटा, कमरऊ, सतौन, राजपुर आदि क्षेत्र से कई गंभीर रोगी हर रोज पांवटा अस्पताल पहुंचते हैं।
बाक्स…
लोगों ने रखी सीएमओ के समक्ष कई समस्याएं
परिसर में पंखे, पानी और शौचालय व्यवस्था सुधारें
पांवटा साहिब (सिरमौर)। मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डा. हरमोहिंद्र सिंह के पांवटा सिविल अस्पताल पहुंचते ही लोगों ने परिसर में समस्याओं को रखा। स्वास्थ्य सेवाओं में आ रही दिक्कतें गिनाई गई।
पांवटा अस्पताल के ओपीडी भवन के प्रथम तल पर बरामदे में मरीजों की लंबी कतारें लगी थीं। शिशु कक्ष के बाहर बरामदे में पंखा नहीं लगा था, दर्जनों बीमार नौनिहाल, मरीज एवं साथ पहुंचे परिजन उमस से परेशान दिखे। सीएमओ के अस्पताल बरामदे में पहुंचते ही गिरिपार के दूरदराज क्षेत्रों से पहुंचे काकू काम, प्रताप सिंह, धर्म सिंह, बली राम, अनिल राणा, राम धन, सीमा, नेहा, मालो देवी, संतोष एवं मनीष ने कहा कि मरीजों को भारी दिक्कतें हो रही हैं। स्टाफ की कमी है, बरामदे में कुछ स्थलों पर पंखे नहीं है। बदहाल शौचालय हैं और कभी तो पानी नहीं आता। अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। ग्रामीणों की बातों और समस्याओं को सीएमओ ने ध्यान से सुना। मौके पर ही स्थानीय अस्पताल प्रभारी डा. राकेश धीमान एवं स्टाफ के सामने लोगों को एक सप्ताह में कमियों और व्यवस्थाओं को सुधारने का आश्वासन दिया।
——–
निर्माणाधीन भवन के कार्य का लिया जायजा
शीघ्र सीटी स्कैन कक्ष वाला परिसर तैयार होगा
पांवटा साहिब (सिरमौर)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर डा. हरमोहिंद्र सिंह ने निर्माणाधीन 100 बैड अस्पताल भवन परिसर के कार्य का जायजा लिया। योजना के ठेकेदार को सीटी स्कैन कक्ष समेत एक हिस्से को 30 अक्तूबर तक कार्य पूरा करने को कहा जिससे शीघ्र नवंबर में सीटी स्कैन एवं इसके ऊपरी मंजिल वाले कक्ष का शुभारंभ करवाया जा सकें। ठेकेदार ने इस स्थल के कार्य को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया।

Related posts