
मनाली। पर्यटन नगरी मनाली में नववर्ष के स्वागत में रंगारंग कार्यक्रम की खूब धूम रही। सैलानियों के मनोरंजन के लिए होटलों में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। इसी कड़ी में रायसन कैंपिंग साइट में मारफियस कंपनी की ओर से आयोजित मुस्कान कार्यक्रम में बॉलीवुड और प्रसिद्ध पंजाबी गायक मीका सिंह ने एक से बढ़कर एक गीतों की झड़ी लगा दी। मंच संभालते ही मीका सिंह ने सावन में लग गई आग, गंदी बात गंदी गंदी बात, गनपथ चल दारू ला आदि गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद मीका ने कहां चल दी चल दी प्यार की पुंगी बजाकर, जुमा जुमा दे दे, मौजां ही मौजां, तैनू में लव करदा..बेमतलब करदा, सुबह होने ना दे तू मेरा हीरो, अगल-बगल हूं मैं तेरे व पंजाबी गीत गाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मीका के गीतों पर लोग इस कद्र झूमे कि उन्हें बारिश भी नहीं रोक पाई। कार्यक्रम के बीच में हुई हल्की बारिश ने कुछ देर के लिए खलल डाला। लेकिन, मीका एक के बाद एक गीतों ने दर्शकों को बांधे रखा। कार्यक्रम में देश-विदेश से आए सैलानियों ने भी न्यू ईयर के जश्न में मीका सिंह के गीतों पर झूमने का भरपूर आनंद लिया।
