सावड़ा कुड्ड़ू में मजदूरों का आंदोलन टला

रोहड़ू। सावड़ा कुडडू परियोजना में आंदोलन पर उतरे मजदूरों ने बुधवार को चक्का जाम के निणर्य को बदल दिया है। श्रम अधिकारी ने हिमाचल पावर कारपोरेशन को भुगतान करने के लिए जिम्मेवारी तय की है। मजदूरों के साथ अगली बैठक 29 अप्रैल को श्रम अधिकारी कार्यालय में तय की गई है।
सावड़ा कुड्डू वर्कर यूनियन के प्रेस सचिव देविंद्र कुमार ने बताया कि कोस्टल कंपनी ने परियोजना का निर्माण कार्य छोड़ दिया है। कंपनी में काम कर रहे करीब सवा चार सौ मजदूरों को तीन माह का वेतन नहीं मिला है। 28 मजदूरों को 13 माह से वेतन नहीं दिया गया है। मजदूरों को अवकाश भत्ता, दिवाली बोनस नहीं मिला है, वहीं छंटनी किए मजदूरों को भविष्य निधि का भुगतान नहीं किया जा रहा है। बैठक के बाद श्रम अधिकारी ने सभी मजदूरों को दोबारा बैठक के लिए 29 अप्रैल का समय तय किया है। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि 29 को उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इससे पहले मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर दो दिन सावड़ा परियोजना कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। 23 अप्रैल को सुबह से शाम तक उन्होंने चक्का जाम का ऐलान किया था। अब छह दिन के लिए मजदूरों का आंदोलन स्थगित हो गया है। इस दौरान इकाई के अध्यक्ष राकेश कोटवी, महासचिव अजय दुल्टा, एरिया कमेटी के सदस्य संसार चंद खलास्टा, वेद प्रकाश जिंटा, सुशील दुल्टा, लोकिंद्र दिप्टा, मोहन लाल, चमन कोटवी, कपिल पनाटू, अब्बल चतरांट्रा, चंद्र मोहन, विनोद शर्मा उपस्थित थे।

Related posts