सारे जहां से अच्छा हिन्दुस्तान, आज सारे जहां से पिछड़ा हिन्दुस्तान बना’

सारे जहां से अच्छा हिन्दुस्तान, आज सारे जहां से पिछड़ा हिन्दुस्तान बना’

रामपुर:रामपुर: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने केंद्र में सत्तारूढ कांग्रेसनीत संप्रग सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार देते कहा है कि पिछले एक दशक में देश सौ साल पीछे हो गया है। नकवी ने कल यहां पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के कुशासन के चलते एक दशक में देश सौ साल पीछे हो गया है और ‘सारे जहां से अच्छा हिन्दुस्तान, आज सारे जहां से पिछड़ा हिन्दुस्तान बन गया है।’

उन्होंने कहा कि आज देश गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा है, कांग्रेस देश के लिए ‘राजनैतिक आपदा, बन गयी है’, ‘रूपया कंगाल डालर मालामाल’ होता जा रहा है और आर्थिक उदारवाद-उधारवाद में तब्दील हो गया है।

उन्होंने कहा कि इस सरकार में राष्ट्रवादी राजनैतिक नेतृत्व की कमी का नतीजा है कि छोटे-छोटे देश भी भारत को आंखें दिखा रहे हैं। पाकिस्तान जब चाहता है आतंकवादी भेजता है, जब चाहता है और हमारे जवानों के सिर काटता है। सरकार का हाल यह है कि पाकिस्तान ‘आतंकवाद की बंदूक लेकर खड़ा है और हम दोस्ती का फूल दिखा रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार को शायद यह पता नहीं कि आतंकवाद के बादलों से अमन की बारिश नहीं होती।

नकवी भाजपा के केंद्रीय चुनाव प्रबंधन और कार्यक्रम समिति के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी मशाल जल चुकी है और इसकी राह में जो भी कांटे आयेंगे कांग्रेस के ताबूत की आखिरी कील साबित होंगे।’’

उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी एक गरीब, पिछड़े समाज के प्रगतिशील सोच वाले नेता हैं, उन्हें धर्म जाति, क्षेत्र की सीमाओं में नहीं बांधा जा सकता। वह ‘‘सुशासन के संकल्प और विकास के विचार‘‘ का प्रतीक बन चुके हैं। इसलिए आज कांग्रेस के कुशासन के कुनबे और भाजपा के सुशासन के संकल्प के बीच सीधी लड़ाई दिख रही है।

Related posts