
मंडी। मंडी शहर में सड़क के किनारे रखे फल और सब्जियां उठाने को लेकर बुधवार को नप कर्मियों और फड़ी वालों के बीच तकरार हो गई। जिसके चलते फड़ी वालों ने नगर परिषद कर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया। इसे लेकर शहरी पुलिस चौकी में शिकायत की गई। फड़ी वालों ने सीटू नेता भूपेंद्र सिंह की अगुवाई में नप कार्यालय में प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। दूसरी ओर नगर परिषद की ओर से भी काम में बाधा डालने को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज की गई। बुधवार को नगर परिषद की ओर से सड़क के किनारे रखे सामान को उठाने की मुहिम शुरू की तो सेरी मंच के सामने फड़ी वालों और नप कर्मियों के बीच तकरार हो गई। फड़ी वालों ने पुलिस को लिखी शिकायत में कहा कि जिला दंडाधिकारी के आदेश पर होटल पाम रिजेंट के सामने फड़ी वाले पिछले कई दिन से अपना सामान बेच रहे हैं। फड़ी वालों में सोहन सिंह, बलवंत सिंह, अमर सिंह, सुरेश कुमार, नीरज कुमार आदि ने आरोप लगाया कि नप कर्मियों ने उनके साथ मारपीट की। जिसमें नीरज कुमार और सुरेश कुमार को चोटें आई हैं। इसके अलावा 12 क्रेट खीरा, 30 खाली क्रेट्स आदि जबरदस्ती उठाकर ले गए। इधर, नगर परिषद अध्यक्ष सुशीला सोंखला ने कहा कि नप कर्मियों ने किसी के साथ मारपीट नहीं की है। पिछले कई दिन से सड़कों के किनारे सामान रखने की शिकायतें आ रही थी। उसी के चलते नप कर्मियों ने यह सामान हटाया। फड़ी वाले उनके कार्यालय के बाहर आकर हंगामा करने लगे। उन्हें हटाने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा। उन्होंने कहा कि नप ने काम में बाधा डालने को लेकर पुलिस में शिकायत कर दी है।
