सात हजार उपभोक्ताओं ने नहीं भरे लिंकेज फार्म

कोटखाई। कोटखाई एजेंसी में रसोई गैस के लिए लिंकेज फार्म भरने की अंतिम तारीख तक सात हजार उपभोक्ता दस्तावेज जमा नहीं करवा पाए हैं। आधार कार्ड उपलब्ध न होने के कारण उपभोक्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उपभोक्ताओं ने सरकार से दूसरे विकल्प की मांग की है।
कोटखाई गैस एजेंसी में 12 हजार उपभोक्ता पंजीकृत हैं। गैस की सब्सिडी के लिए अभी तक आधार कार्ड के साथ करीब पांच हजार उपभोक्ताओं ने अपने फार्म जमा करवाए हैं। अन्य उपभोक्ताओं के पास आधार कार्ड ही उपलब्ध नहीं है। सुरेश कुमार, प्यारे लाल, राजिंद्र सिंह और प्रेम चौहान ने बताया कि उन्होंने आधार कार्ड करीब चार माह पहले बनवाए हैं। उनके पास रसीद भी उपलब्ध है, लेकिन आनलाइन अभी तक ई आधार कार्ड का स्टेटस नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि डाक से भी घर पर आधार कार्ड नहीं पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि बिना आधार कार्ड उनके आवेदन स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि आधार कार्ड के बदले दूसरा विकल्प तलाशा जाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार पहल नहीं करती तो हजारों लोगों को मंहगे दाम पर गैस खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
इस संबंध में कोटखाई में मां तारा इंडेन गैस एजेंसी के प्रभारी जोगिंद्र सिंह ने कहा अभी तक उनके पास पांच हजार उपभोक्ताओं ने फार्म जमा करवाए हैं। नए साल से बिना फार्म दिए पूरे दाम पर गैस मिलेगी। एसडीएम एमआर भारद्वाज ने कहा सरकार की ओर से अभी तक कोई नए आदेश जारी नहीं हुए हैं। यदि नए आदेश नहीं मिले तो कल से पूरे दाम पर गैस मिलेगी।

Related posts