सात सौ मीटर तक धंसा घाट-भैंटी मार्ग

गोपेश्वर/घाट। घाट ब्लॉक मुख्यालय से देवाल को जोड़ने वाले घाट-भेंटी मोटर मार्ग के शुरुआत में ही चट्टान से हो रहे भूस्खलन से सड़क करीब 700 मीटर तक क्षतिग्रस्त हो गई है। यहां कई आवासीय भवनों को भी सड़क से खतरा पैदा हो गया है।
शनिवार रात्रि को हुई बारिश से मार्ग करीब एक किमी तक धंस गया है। उक्त मार्ग फाली और लांखी गांव को जोड़ता है। सड़क अवरुद्ध होने से ग्रामीणों को करीब 15 किमी पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। स्थानीय निवासी लक्ष्मण सिंह राणा ने बताया कि उक्त सड़क से कई आवासीय भवनों को भी खतरा पैदा हो गया है। घाट मुख्य बाजार में एसबीआई शाखा भवन के ऊपर से आए मलबे के चलते जिला पंचायत का पैदल मार्ग भी ध्वस्त हो गया है, जिससे आम लोगों के साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं को करीब दो किमी की अतिरिक्त दूरी तय कर विद्यालय जाना पड़ रहा है। बैंक के सामने आम रास्ता मलबे में दब गया है।
इधर, पोखरी-गोपेश्वर मोटर मार्ग पर पिछले डेढ़ माह से आवाजाही ठप पड़ी है, जिससे हापला घाटी के ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घाटी के ग्रामीण 18 किमी की अतिरिक्त दूरी तय कर पोखरी पहुंच रहे हैं। पोखरी-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग भी मलबा आने से खतरनाक बन गया है। स्थानीय ग्रामीण बलवंत सिंह का कहना है कि लोनिवि के अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बाद भी सड़कों की दशा नहीं सुधारी जा रही है। ग्रामीणों को क्षतिग्रस्त पैदल रास्तों से आवाजाही करनी पड़ रही है।
इधर, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता मदन सिंह ह्यांकी का कहना है कि सड़कों के अवरुद्ध होने पर तत्काल उन्हें खोलने की कवायद की जा रही है। अभी तक 47 सड़कें खोल दी गई हैं। सड़कों को बंद होने नहीं दिया जा रहा है।

Related posts