सात दिन में वेतन नहीं तो आंदोलन

स्वारघाट (बिलासपुर)। आल हिमाचल पीडब्ल्यूडी, आईपीएच एंड कंटेक्चुअल वर्कर्स यूनियन की स्वारघाट शाखा की बैठक प्रधान सरदार चनण सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आईपीएच विभाग में कार्यरत वाटर गार्डों को पिछले आठ महीने के वेतन का भुगतान नहीं होने पर तल्खी जाहिर की गई। यूनियन ने चेतावनी दी है कि एक सप्ताह में वेतन का भुगतान नहीं हुआ तो वह आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए विवश हो जाएंगे।
बैठक में कहा गया कि महंगाई के कारण लोगों का जीना पहले ही मुहाल हो गया है। ऐसे में वेतन नहीं मिलने से वाटरगार्ड कर्ज तले दबकर रह गए हैं। प्रधान चनण सिंह ने कहा कि आईपीएच तानाशाही पूर्ण रवैया अपना रहा है जिसे किसी भी कीमत पर यूनियन बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने विभाग के उच्चाधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विभाग में कार्यरत वाटरगार्डों के वेतन का भुगतान सात दिनों के भीतर नहीं किया गया तो यूनियन आंदोलन के रास्ते पर चल पडे़गी। उन्होंने कहा कि जिन पंप हाउसों में अभी तक शौचालयों का निर्माण नहीं करवाया गया है, वहां निर्मल भारत योजना के तहत शौचालयों का निर्माण कराया जाए। विभाग की अनेक पेयजल योजनाओं पर अकेले-अकेले कर्मचारी कार्यरत हैं। वहां पर हेल्पर तैनात किए जाएं।
उन्होंने सरकार से मांग की है कि कर्मचारियों को 4-9-14 का सेवा लाभ जल्द प्रदान किया जाए। बैठक में प्रदेश महासचिव जगतार सिंह बैंस, भाग सिंह, गगन सिंह धीमान, सुनील कुमार, गुरबक्श सिंह, कुलदीप सिंह, भाग सिंह, रमेश चंद, नानक चंद, पुरशोतम चंद, विजय कुमार, कर्मचंद समेत कई कर्मचारी उपस्थित थे।

Related posts