
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार के 14 एचएएस अफसरों के आईएएस बनने के बाद इस कैडर में तहसीलदारों को पदोन्नत करने की तैयारी है। इसके लिए कार्मिक विभाग ने विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक कर ली है। अब कमेटी की बैठक के बाद बची हुई औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद शीघ्र ही विभाग की ओर से इनकी पदोन्नति की सूची जारी की जानी है। कार्मिक विभाग ने नौ पदों के लिए बैठक की थी, लेकिन सात पदों पर ही अभी तक पात्रता सही पाई गई। एचएएस कैडर में दो पदों पर तहसीलदारों का फैसला 26 दिसंबर के बाद हो सकता है। इस मामले में हाईकोर्ट से फैसले का इंतजार है।
सूत्र बताते हैं कि इसमें पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में प्रमोद शुक्ला, प्यारे लाल, देस राज जरयाल, अनुपम और केशव शर्मा व अन्य अधिकारी शामिल हैं। इनके अलावा एक अधिकारी और भी शामिल है, इन्हें विभाग ने पदोन्नत कर दिया है, लेकिन विभागीय जांच खत्म होने के बाद तैनाती दी जानी है। सरकार ने नौ तहसीलदारों को पदोन्नत करने के लिए डीपीसी की थी, लेकिन दो पदों पर हाईकोर्ट में चल रहे मामले के कारण वरिष्ठता सूची न बनने के कारण मामला सिरे नहीं चढ़ सका। अब 26 दिसंबर को हाईकोर्ट से आने वाले फैसले के बाद दो पदों के लिए डीपीसी हो सकती है।
प्रधान सचिव कार्मिक एसकेबीएस नेगी ने बताया कि तहसीलदारों से एचएएस पदोन्नति के लिए डीपीसी कर ली है। नौ में से सात के ही पात्र होने के कारण सात पदों पर ही पदोन्नति दी जा रही है। शीघ्र ही इनकी पदोन्नति के निर्देश जारी होंगे।
