साढ़े पांच घंटे बंद रहा सुपरहाइवे

सराहां (सिरमौर)। निर्माणाधीन कुमारहट्टी-नाहन सुपरहाइवे भारी बारिश के कारण शनिवार तड़के बंद हो गया। यह मार्ग करीब साढ़े पांच घंटे अवरुद्ध रहा। लादू, बनेठी तथा धीरथ के बीच बारिश के कारण मलबा गिरने से सड़क बंद हो गई। इसके चलते लंबी दूरी की एचआरटीसी एवं निजी बस सेवाओं के अलावा लोगों के दर्जनों निजी वाहन जगह-जगह फंसे रहे।
कुमारहट्टी से काहन तक कंपनी ने करीब 70 किलोमीटर सड़क को पक्का कर दिया है, लेकिन उससे आगे नाहन तक अभी तक जगह-जगह कटिंग एवं टारिंग का काम चल रहा है। यह मार्ग अक्सर बारिश के दौरान बंद हो जाती है। सड़क पर पहाड़ से निकल रहे बड़े-बड़े पत्थर एवं मलबे के कारण कई जगह सड़क संकरी एवं जोखिम भरी बन गई है। जाम में फंसे मुसाफिर राकेश कुमार, कमल शर्मा, राखी देवी, ममता शर्मा, रविंद्र सिंह, दलीप सिंह के अलावा चाकली पंचायत प्रधान जयप्रकाश शर्मा, बनाहां घिन्नी पंचायत के प्रधान अनूप शर्मा, सराहां पंचायत प्रधान विनोद कांत, बागपशोग पंचायत प्रधान विजय कांत शर्मा, नैनाटिक्कर पंचायत प्रधान शिव कुमार गुप्ता, सुनील शर्मा आदि ने कहा कि कंपनी को चाहिए कि वह पहले उन मोड़ पर से मलबा हटाए, जो बारिश के दौरान अक्सर सड़क को अवरुद्ध कर देती है। सड़क बंद होने से शनिवार तड़के हरिद्वार-रामपुर एचआरटीसी, पांवटा-नाहन-शिमला सुपरफास्ट एवं नाहन-शिमला बसों का रूट बदलकर उन्हें वाया चंडीगढ़ से होकर जाना पड़ा। जबकि, दर्जनों छोटे वाहन एवं निजी बसें सड़क खुलने के इंतजार में साढ़े पांच घंटे खड़ी रहे। एचआरटीसी सराहां अड्डा प्रभारी जगदीश शर्मा ने कहा कि शनिवार को नाहन-कुमारहट्टी मार्ग करीब साढ़े पांच घंटे ठप रहा, जिससे कई सरकारी गाड़ियों को वाया चंडीगढ़ भेजा गया।

Related posts