साढ़े चार किलो चरस के साथ दो गिरफ्तार

गोहर (मंडी)। जंजैहली घाटी के मगरूगला में गोहर पुलिस ने आनी क्षेत्र के दो युवकों से चार किलो 4 सौ ग्राम चरस बरामद कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को यह सफलता वीरवार देर रात करीब अढ़ाई बजे मगरूगला के पास नाके के दौरान मिली। पकड़े गए चरस तस्करों की पहचान बहादुर सिंह और धूप सिंह निवासी डिगेहड़ तहसील आनी के रूप में हुई है।
प्रोबेशनर सब इंस्पेक्टर निर्मल सिंह ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार मगरूगला के पास वीरवार रात गोहर पुलिस ने प्रोबेशनर सब इंस्पेक्टर निर्मल सिंह की अगुवाई में एचसी कृष्ण लाल, अजीत सिंह, टेक चंद और अन्य कर्मियों के साथ नाका लगाया था। इस बीच रात के अंधेरे में छतरी की ओर से दो युवक पैदल पिट्ठू बैग लेकर जंजैहली की ओर आ रहे थे। पुलिस का नाका देखकर दोनों ने वहां से भागने की कोशिश की लेकिन उन्हें दबोच लिया गया। युवकों के पिट्ठू बैग की तलाशी ली तो उसमें से 4 किलो 4 सौ ग्राम चरस बरामद हुई।
गोहर पुलिस की इसे बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। वीरवार को दोनों आरोपियों को उपमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी गोहर के समक्ष पेश किया। यहां से दोनों आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। प्रोबेशनर सब इंस्पेक्टर निर्मल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में चरस तस्करों पर पुलिस की पैनी निगाह है। इसे कतई बख्शा नहीं जाएगा।

Related posts