
कोटखाई (शिमला)। ठियोग-कोटखाई-हाटकोटी राजमार्ग पर सेब से लदा ट्राला फंसने से सोमवार सुबह नौ बजे से बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही। जाम लगने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि, पुलिन ने ट्राले को निकालने के लिए शिमला से क्रेन को बुलाया था। लेकिन, सड़क देर शाम तक बहाल हो गई थी। इसके चलते बागवानों के अलावा आम लोगों को भी भारी परेशानियों से दो चार होना पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार कोटखाई में पड़शाल के पास सेब से लदा ट्राला सड़क के किनारे फंस गया। इसके चलते मार्ग पूर्ण रूप से बंद हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सेब से भरे ट्रक भी जाम में फंस गए। सुबह से जाम लगने के कारण सेब मंडियों में भी समय पर नहीं पहुंच पाया है। कोटखाई पुलिस ने रोहडू की ओर से आ रहे वाहनों के आने पर रोक लगा रखी थी। सभी वाहन खड़ापत्थर के पास रोक लिए गए थे। जबकि, शिमला की ओर से आ रहे वाहनाें को कोटखाई से पीछे रोक दिया गया था।
थाना प्रभारी कोटखाई गौरी दत्त शर्मा ने बताया कि ट्राला निकालने के लिए शिमला से क्रेेन बुलाई गई थी। सड़क से ट्राले को हटा कर मार्ग बहाल कर दिया गया है।
