साढ़े आठ करोड़ से संवरेगा एनएच-22

ज्यूरी (शिमला)। हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण एनएच-22 जगह-जगह से टूट गया था। लेकिन, अब सड़क की हालत को सुधारने के लिए इस पर आठ करोड़ 62 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यह राशि खनेरी से लेकर वांगतू तक खर्च की जाएगी। भारी बारिश के कारण इस मार्ग को कई स्थानों पर नुकसान पहुंचा है।
15 जून के बाद हुई बारिश के कारण एनएच-22 को हुए नुकसान की भरपाई करने के लिए इस सड़क पर आठ करोड़ 62 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यह राशि खनेरी से वांगतू तक की खराब और टूटी सड़क, डंगे, बंद नालियां, पैरापिट और अन्य स्थानों की हालत सुधारने के लिए खर्च की जाएगी। इसके अलावा एनएच-22 से जुड़े लिंक रोड भी बहाल हो पाएंगे। इसके बारे में एनएच-22 के एक्सईएन रामपुर मंडल पासंग नेगी ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि आठ करोड़ 62 लाख का टेंडर लगाया गया है। टेंडर अगस्त में खुल जाएगा, जिसके बाद इस मार्ग पर काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह राशि खनेरी से लेकर वांगतू तक की सड़क की हालत सुधारने पर खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा दूसरे बजट में ब्रौनी खड्ड से चौरा के बीच सड़क की टारिंग भी सितंबर में शुरू करवा दी जाएगी।

Related posts