
अल्मोड़ा। सांसद निधि के अंतर्गत मिलने वाली प्रति वर्ष पांच करोड़ की धनराशि में से फिलहाल पिछले साल की ढाई करोड़ रुपये की दूसरी किश्त भारत सरकार से नहीं मिली है। सांसदों के आखिरी साल की निधि की राशि भी अभी आनी बाकी है। इधर अल्मोड़ा के सांसद प्रदीप टम्टा ने पिछले साल की पहली किश्त के रूप में मिली ढाई करोड़ रुपये की पूरी धनराशि आवंटित कर दी है।
सांसद निधि के रूप में सांसदों को हर साल अपने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए पांच करोड़ रुपये की धनराशि मिलती है। डीआरडीए कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक बजट सत्र 2012-13 में अल्मोड़ा के सांसद प्रदीप टम्टा की सांसद निधि के अंतर्गत 2.50 करोड़ रुपये की एक किश्त आवंटित की गई थी। सांसद ने यह पूरी धनराशि विकास कार्यों के लिए आवंटित कर दी है। जानकारी के मुताबिक पिछले साल की 2.50 करोड़ रुपये की दूसरी किश्त अभी मिलनी बाकी है। इसके लिए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक चालू बजट वर्ष के अंतर्गत सांसदों के कार्यकाल के अंतिम साल की पांच करोड़ की धनराशि भी अभी मिलनी बाकी है। इधर सांसद प्रदीप टम्टा ने बताया कि सांसद निधि की राशि को आम जनता की जरूरत के मुताबिक संपर्क मार्ग, सामुदायिक भवन, पेयजल योजनाओं के जीर्णोद्धार, सार्वजनिक स्थल विकास आदि कार्यों के लिए दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दूसरी किश्त मिलने के तुरंत बाद ही सांसद निधि की राशि को विकास कार्यों के लिए आवंटित कर दिया जाएगा। ताकि विकास के कार्य समय पर हो सकें।
