सांप के डसने से छात्रा की मौत

धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर क्षेत्र की सिधपुर पंचायत के परडाना गांव में सांप के डसने से एक युवती की मौत हो गई। इस घटना से पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है। जानकारी के अनुसार परडाना गांव में गत रात्रि 17 वर्षीय नीलमा देवी पुत्री दीवान चंद को सांप ने डस लिया, लेकिन रात को इसका पता नहीं लग पाया। मंगलवार सुबह जब युवती की तबीयत बिगड़ी तो परिजन उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मपुर लाए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नीलमा देवी दसवीं कक्षा में पढ़ती थी। दीवान चंद की दो बेटियां हैं। जिसमें नीलमा देवी छोटी है। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सिधपुर पंचायत प्रधान गंगा राम ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने प्रशासन व सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उधर, सीएचसी धर्मपुर के चिकित्सक डा. दीपक का कहना है कि परिजन युवती को लेकर अस्पताल पहुंचे थे, तब तक युवती दम तोड़ चुकी थी। परिजनों ने युवती को सांप के डसने की बात कही।

राष्ट्रीय बास्केटबाल खिलाड़ी का निधन
धर्मपुर (मंडी)। राष्ट्रीय बास्केटबाल खिलाड़ी और आईटीबीपी से सेवानिवृत्त सूबेदार सुंदर सिंह का दिल का दौरा पड़ने से देहांत हो गया। सुंदर सिंह सज्योपिपलू में कपड़े का कारोबार करते थे। उन्होंने अपनी नौकरी के दौरान राष्ट्रीय बास्केटबाल में ख्याति प्राप्त की थी। उनके निधन पर हिमाचल प्रदेश पैरा मिलिट्री एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव एवं संधोट पंचायत के उपप्रधान कुलदीप ठाकुर, सोहन सिंह राणा, रण सिंह, ओम प्रकाश, इंद्र सिंह, आशाराम, विजय कुमार, अच्छर सिंह, पृथीचंद, कर्म सिंह, बलवीर सिंह, अनंतराम, ज्ञान चंद, रणजीत सिंह, राकेश कुमार, किशन सिंह, शमशेर सिंह, प्रताप सिंह पुरुषोत्तम राम गुलेरिया ने शोक व्यक्त किया है।

Related posts