सांगला में थमे वाहनों के पहिये

सांगला (किन्नौर)। क्षेत्र में डीजल और पेट्रोल की कमी के चलते जहां वाहनों के पहिये थम गए हैं। वहीं पेट्रोल की कमी के कारण बागवानों को सेब के बगीचों में स्प्रे करने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि सांगला के एक मात्र पेट्रोल पंप में नाममात्र डीजल और पेट्रोल शेष रह गया है। यह भी प्रशासन की ओर से जारी चिट पर दिया जा रहा है। जबकि, पेट्रोल न मिलने से क्षेत्र की सात पंचायतों में स्प्रे का काम भी रुका पड़ा है। क्षेत्र की ग्राम पंचायत शौंग, चांसू, कामरू, सांगला, थैमगारंग, बटसेरी और रकछम में बागवानों को करीब तीन हजार लीटर से अधिक पेट्रोल स्प्रे के लिए चाहिए। क्षेत्र की चांसू पंचायत के प्रधान अनिल नेगी, बटसेरी पंचायत के उपप्रधान राम लाल नेगी, रकछम के प्रधान टिकम नेगी, बागवानों राजेश नेगी, सुरजीत नेगी, देवी दयाल नेगी, दीपक नेगी, रमेश नेगी, दिव्य नेगी, यतेंद्र नेगी, मनोज नेगी, सनत ताजेंन नेगी, विद्या कुमार नेगी और अश्वनी नेगी सहित अन्य लोगों का कहना है कि डीजल न मिलने से उनके वाहन खड़े हो गए हैं। वहीं, पेट्रोल की कमी स्प्रे के कार्य को प्रभावित कर रही है। इन लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बागवानों की परेशानियों को देखते हुए सांगला के लिए डीजल और पेट्रोल की व्यवस्था करवाई जाए।
इसके बारे में तहसीलदार सांगला राजपाल भारद्वाज का कहना है कि पेट्रोल पंप पर जो भी पेट्रोल शेष बचा है, उसे बागवानों को जरूरत के हिसाब से दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द सांगला में डीजल भी पहुंचा दिया जाएगा।

Related posts