सांगला के डिपुओं में पहुंचा राशन

सांगला (किन्नौर)। किन्नौर में 16 और 17 जून को हुई भारी बारिश से हुए नुकसान के बाद अब जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है। सभी सड़क मार्ग बंद होने से सांगला वैली में राशन की किल्लत हो गई थी, लेकिन अब क्षेत्र के सात डिपुओं में से चार में राशन पहुुंचा दिया गया है। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।
उल्लेखनीय है कि भारी बारिश के कारण किन्नौर जिला देश और दुनिया से कट गया था। हालांकि रिकांगपिओ के लिए तो यातायात बहाल हो गया है, लेकिन सांगला के लिए अभी भी सड़क मार्ग बहाल नहीं हो पाया था। इससे क्षेत्र में राशन की टोटा चला हुआ था। प्रदेश सरकार के आदेशों पर सांगला के लिए हेलीकॉप्टर में राशन पहुंचाया गया। सांगला में 38 क्विंटल आटा,12 क्विंटल चालव, दो क्विंटल नमक, 4100 लीटर मिट्टी का तेल पहुंचा दिया गया है। इसे सांगला क्षेत्र के तहत आने वाले छितकुल, कुपा, चांसू और सांगला-1 डिपो को राशन मुहैया करवा दिया है, जबकि क्षेत्र के तीन डिपुओं के लिए राशन लाया जा रहा है। जिसके चलते क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने राहत की सांस ली।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक विनोद का कहना है कि चार डिपुओं को राशन और मिट्टी का तेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि एक दो दिनों में शेष तीन डिपुओं को भी राशन भेज दिया जाएगा।

Related posts