सही फार्म भरने से ही समय पर भुगतान संभव

चंबा। स्थानीय बचत भवन में महालेखाकार कार्यालय शिमला की ओर से दो दिवसीय आहरण व वितरण अधिकारियों व पेंशन भोगियों के लिए सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें उपायुक्त संदीप कदम ने कहा कि अगर नोमिनी फार्म नियमानुसार त्रुटि रहित भरा जाए तो सेवानिवृत्त होने के बाद हक मिलने में विलंब नहीं होता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को समय पर उनके सभी हक मिलें, इसके लिए महालेखाकार शिमला कार्यालय से उप महालेखाकार विवेक भास्कर, नागेंद्र कुमार व विजय कुमार जिला के विभिन्न विभागों के आहरण व वितरण अधिकारियों को जहां कुछ नए संशोधित हुए नियमों से अवगत करवाएंगे, वहीं उनकी शंकाओं का निराकरण भी करेंगे। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों की पेंशन संबंधी समस्या का समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर महालेखाकार कार्यालय शिमला के अधिकारियों ने भविष्य निधि राशि, परिवार पेंशन के लिए नामित सदस्य संबंधि जटिलताओं, पे बिल रजिस्ट की अनिवार्यता, सेवानिवृत्ति के पश्चात भविष्य निधि राशि महालेखाकार कार्यालय में रखे जाने के प्रावधान, सेवानिवृत्ति पूर्व के 3 माह में भविष्य निधि राशि न काटने, अग्रिम राशि न देने के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही विभागीय व न्यायिक जांच संबंधी जानकारी देने, विभाग बदल जाने व मृत्यु की स्थिति में जीपीएफ संबंधी जटिलताओं तथा विभाग से जानकारी लेने हेतु आरंभ की एसएमएस, इंटरनेट व दूरभाष सेवाओं की जानकारी भी दी गई। ऐसी ही कार्यशाला 26 नवंबर को भी आयोजित की जाएगी। इसमें डलहौजी, भटियात, तीसा व पांगी के आहरण व वितरण अधिकारी सेमिनार में हिस्सा लेंगे।

Related posts