सहायक अभियंताओं के पद खाली, युवा नाराज

उत्तरकाशी। राज्य के लोनिवि में सहायक अभियंताओं के खाली चल रहे पदों को न भरने तथा कनिष्ठ अभियंताआें को प्रभार देकर काम चलाऊ व्यवस्था से बेरोजगार पात्र युवक सरकार से खफा हैं। वे अब देहरादून की सड़काें के किनारे बूट पालिश करके अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
युवाओं के अनुसार लोनिवि में सिविल इंजीनियरिंग में 133 सीधी भर्ती, 200 पदोन्नति तथा 28 विद्युत यांत्रिक के पद सृजित हैं। इनमें से 179 खाली हैं। प्रमुख अभियंता की ओर से पिछले साल 12 नवंबर को प्रमुख सचिव लोनिवि को सीधी भर्ती तथा पदोन्नति कोटा का विवरण भेज कर अधियाचन प्रेषित किया था। इसके बावजूद अलग-अलग श्रेणी के कुल 179 पद रिक्त चले आ रहे हैं। लोक सेवा आयोग के पास मात्र 51 सहायक अभियंताओं की भर्ती के लिए अधियाचन प्रस्तुत किया गया है।
उत्तरकाशी के बेरोजगार उपाधिधारकों अशुतोष भट्ट, संदीप चमोली, नैना रावत, जयवीर रमोला, अमित भट्ट, विष्णुशंकर, आशुतोष आदि का कहना है कि लोनिवि सहित अन्य अभियांत्रिकी विभागों में बड़ी संख्या में पद खाली है। विभाग में सीधी भर्ती का 40 प्रतिशत कोटा निर्धारित है। वे अब प्रदेश भर में इंजीनियरिंग की उपाधिधारक बेरोजगारों की बैठक करके देहरादून की सड़कों के किनारे बूट पालिश कर सरकार की बेरोजगार विरोधी नीति का विरोध करेंगे।

शासन को कराया गया अवगत
उत्तरकाशी। लोनिवि के प्रमुख अभियंता ललित मोहन का कहना है कि रिक्त तथा प्रोन्नति के पदों पर सहायक अभियंताओं की नियुक्ति के लिये लोक सेवा आयोग को अधियाचन भेजने का काम शासन का है। उन्होंने विभाग में रिक्त एवं सृजित पदों की स्थिति से शासन को अवगत कराया है।

Related posts