
महादेव (मंडी)। सुंदरनगर जवाहरलाल नेहरू इंजीनियरिंग कॉलेज में रविवार को हुई राज्य सहकारी बैंक की क्लर्क परीक्षा में बैंक प्रबंधन की पोल खुलकर सामने आ गई। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा हाल के बाहर समय पर सूची नहीं लगाई गई थी। इस कारण उन्हें खासी परेशानी झेलनी पड़ी। इस कारण अभ्यर्थियों ने कुछ देर तक यहां खूब हल्ला मचाया। बाद में प्रशासन के हस्तक्षेप से स्थिति पर काबू पाया गया। इस कारण परीक्षा करीब बीस मिनट देरी से शुरू हुई।
राज्य सहकारी बैंक की क्लर्क पद की परीक्षा के आयोजन में सुंदरनगर जवाहरलाल नेहरू इंजीनियरिंग कॉलेज के परीक्षा केंद्र में बैंक प्रबंधन की लापरवाही से सैकड़ों अभ्यर्थी परेशान रहे। बैंक प्रबंधन एक हजार अभ्यर्थियों को परीक्षा से पूर्व सही तरीके से सूचनापट्ट पर जानकारी उपलब्ध नहीं करवा पाया था। इस कारण परीक्षा भवन में आधे घंटे तक अफरातफरी मची रही। ड्यूटी पर तैनात कुछ कर्मचारी कॉफी की चुस्कियां लेने में व्यस्त रहे। किसी तरह प्रशासन ने आकर स्थिति नियंत्रण में की और परीक्षा शुरू करवाई। इस घटना की भनक लगते ही एसडीएम गुलाब सिंह ठाकुर ने डीएसपी कुलभूषण वर्मा को मौके पर भेजा। कुछ ही देर में एसडीएम गुलाब सिंह ठाकुर ने नायब तहसीलदार वेद प्रकाश सहित मौके का दौरा किया। अभ्यर्थी नरेंद्र कुमार, परस राम, तेज सिंह, प्रताप चौहान, अजय कुमार, प्रदीप कुमार, सुनीता, राजेश्वरी, कृतिका, अंजना और बलदेव सिंह ने बताया कि यहां एक हजार अभ्यर्थियों के लिए बैंक प्रबंधन ने सही व्यवस्था नहीं की थी। बैंक परीक्षा प्रभारी रमेश शर्मा ने घटना से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि समय पर लिस्टें लगा दी थीं। एसडीएम गुलाब सिंह ठाकुर ने कहा कि सुंदरनगर उपमंडल में करीब 3317 अभ्यर्थियों ने बैंक क्लर्क की परीक्षा दी है। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के परीक्षा केंद्र में ही एक हजार अभ्यर्थी मौजूद रहे।
