
चंबा। जिला विकलांग जागरण मंच की बैठक संकल्प परियोजना के कार्यालय में हुई। बैठक में विकलांगों की समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। इस मौके पर विकलांग जागरण मंच के प्रधान पवन ठाकुर ने कहा कि बेरोजगार विकलांग परिवारों से संबंधित बीपीएल व्यक्तियों के सस्ते राशन में कटौती करके सरकार ने गलत निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 40 से 45 वर्ष की आयु वाले विकलांग परिवार के सदस्य को रोजगार भी नहीं दे पाई है। ठाकुर ने कहा कि शिक्षा सामर्थ्य के अनुसार जिन विकलांग बेरोजगारों को रोजगार मिलना चाहिए था, उन्हें रोजगार पाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे विकलंाग व्यक्तियों की आयु सीमा भी नौकरी के इंतजार में बीती जा रही है। उन्होंने जिला महिला समाज कल्याण विभाग से मांग की है कि विकलांगों के कृत्रिम अंगों को जल्द से जल्द प्रदान किया जाए। साथ ही गृह निर्माण अनुदान राशियों पर प्रत्येक पंचायतों से दो प्रतिशत विकलांग परिवारों के व्यक्तियों के आरक्षण पर अनुदान राशि प्रदान की जाए। इस अवसर पर किशन चंद, देशराज, उमा, चमन, काजू राम, पवन कुमार, अनिल कुमार, प्रकाशो व तिलक सूरी उपस्थित रहे।
