
मंडी। मंडी जिले में उचित मूल्य की दुकानों पर राशन कार्ड धारकों को सरसों और रिफाइंड तेल का कोटा नहीं मिल रहा है। त्योहारी सीजन में डिपुओं पर सस्ते राशन का पूरा कोटा न मिलने के कारण उपभोक्ता परेशान हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि कभी डिपो में चीनी नहीं मिल रही है तो कभी तेल नहीं आ रहा है। इस कारण लोगों को बाजार से महंगे दामों पर तेल और अन्य सामान खरीदना पड़ रहा है। जिले के अधिकतर डिपुओं में सितंबर माह के खाद्य तेल की सफाई नहीं पहुंची है।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सरकार की ओर से सस्ती दरों पर कार्ड धारकों को हर माह राशन मुहैया करवाया जाता है। सितंबर माह में जिले के अधिकतर डिपुओं सरसों और रिफाइंड तेल नहीं पहुंचा है। पहले डिपुओं पर चीनी की किल्लत थी। चीनी का कोटा तो पहुंच गया है, लेकिन अब तेल का कोटा नहीं आ रहा है। इन दिनों पितृ पक्ष चले हैं। लोग अपने पित्रों के श्राद्ध पर कई तरह के पकवान बनाते हैं। साथ ही अगले माह से नवरात्र शुरू हो रहे हैं। ऐसे में डिपुओं पर पर्याप्त सस्ता राशन न मिलने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय निवासी कर्मू राम, जीत सिंह, सुरेश कुमार, दीनानाथ, हरि कृष्ण और सुरजीत का कहना है कि डिपुओं पर सितंबर माह का सरसों और रिफाइंड तेल का कोटा नहीं मिला है। जिले के चैलचौक स्थित गोदाम भी खाद्य तेल का कोटा नहीं पहुंचा। जिस कारण गोहर उपमंडल के सभी डिपुओं पर सस्सों और रिफाइंड की सप्लाई नहीं पहुंच पाई है। गोदाम के प्रभारी कुंदन लाल ने सितंबर माह में तेल की सप्लाई न पहुंचने की पुष्टि की है।
-अगस्त माह के तेल का कोटा सभी डिपुओं में दिया गया है, लेकिन सितंबर माह के लिए टेंडर न होने के कारण अभी तक सरसों और रिफाइंड तेल का कोटा नहीं आया है।
-रविंद्र सिंह, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक
