सस्ता गल्ला संघ ने किया प्रदर्शन

पिथौरागढ़। सरकारी सस्ता गल्ला संघ ने राशन उठाने के तत्काल बाद सत्यापन की मांग को लेकर कलक्ट्रेट पर सांकेतिक प्रदर्शन किया। प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
सरकारी सस्ता गल्ला संघ का कहना है कि गोदाम से राशन उठाने के तत्काल बाद कार्डधारक राशन वितरण के लिए दबाव डालते हैं। इस वजह से उन्हें परेशानी आ रही है। जबकि अब नए नियमों के मुताबिक कोटा उठाने के बाद अधिकारियों से सत्यापन कराना अनिवार्य है। संगठन का कहना है कि राशन उठाने के तत्काल बाद सत्यापन की व्यवस्था की जाए। इसी तरह सरकारी सस्ता गल्ला खोले जाने के समय सुबह 7 से 11 बजे और दुपहर 3 से 7 बजे तक के समय को पहाड़ की परिस्थितियों के हिसाब से सुबह 9 से 5 बजे अथवा 10 बजे से शाम 6 बजे तक करने की मांग की गई है।
सांकेतिक प्रदर्शन करने वालों में सरकारी सस्ता गल्ला संघ के अध्यक्ष मोहन जोशी, कोषाध्यक्ष कैलाश उप्रेती, महासचिव पूरन सिंह, उपाध्यक्ष कैलाश जोशी, संरक्षक राजू बिष्ट, हरीश पाठक, ललित महर, मनोज पांडेय, भूपाल दत्त कापड़ी, रवींद्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता जीवन नगरकोटी आदि शामिल थे। अपर जिलाधिकारी बीएल राणा का कहना है कि राशन के सही वितरण के लिए सत्यापन की कार्रवाई शुरू की गई है। कहा कि सस्ता गल्ला विक्रेताओं के मसलों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related posts