
कंडवाल (कांगड़ा)। नूरपुर पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पास कंडी (दसूहा) के अनिल कुमार उर्फ विक्की तथा उसके अन्य 6 परिजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता रुचि निवासी भडवार (नूरपुर) ने न्यायालय में अधिवक्ता के माध्यम से दायर याचिका में कहा कि उसकी शादी 8 फरवरी 2012 को पास कंडी (दसूहा) निवासी अनिल कुमार उर्फ विक्की के साथ हुई थी। शादी के बाद कुछ समय तक तो सब कुछ ठीक ठाक रहा, लेकिन बाद में उसके पति तथा सास-ससुर ने दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। जिसके चलते रुचि पिछले कुछ समय से अपने पिता के घर में रह रही है। नूरपुर थाने के कार्यवाहक प्रभारी एसआई प्रताप सिंह के अनुसार पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रुचि के पति अनिल कुमार सहित अन्य 6 ससुरालियों के खिलाफ धारा 498 ए और 34 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
