
सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के कनैड क्षेत्र के भद्रवाहन निवासी महिला ने अपने पति और ससुर के खिलाफ मारपीट करने पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार भद्रवाहन निवासी महिला अनिता देवी ने सुंदरनगर थाने में दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया कि उसकी शादी करीब आठ साल पहले डागू राम के साथ हुई थी। शादी के समय उसके पिता ने हैसियत के मुताबिक उसे उपहार प्रदान किए थे। जिनसे उनके ससुराली खुश नहीं थे तथा और दहेज की मांग को लेकर वह उनके साथ मारपीट और प्रताड़ित करते रहे। जब उनके जुल्मों की हद हो गई तो वह पुलिस की शरण में पहुंची है। डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 498ए, 323 और 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
