
रुद्रपुर। मलिक कालोनी में गर्भवती से ससुरालियों ने मारपीट कर दी। इससे वह गंभीर रूप से चोटिल हो गई। मामले की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सास, ससुर व देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जसपुर व हाल निवासी मलिक कालोनी निवासी रीता रानी पत्नी पंकज ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा है कि वह गर्भवती है। उसके पति पंकज का सौतेली सास बीना, ससुर शिव कुमार व देवर अजय से संपत्ति का विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। छह जून की सुबह उसका पति पंकज ड्यूटी पर गया था तो उसकी सास, ससुर व देवर मलिक कालोनी पहुंचे और गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर उससे मारपीट कर दी। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोगों ने बीच बचाव कर उसकी जान बचाई। पुलिस ने सास, ससुर व देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल राकेश चंद्र थपलियाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
